म्यूचुअल फंड का भूत, भविष्य और वर्तमान: कैसा है?

किस्सा पैसों का डायरी में म्यूचुअल फंड के भूत वर्तमान और भविष्य की कहानी
पुरानी डायरी का अगला पन्ना क्या कहता है?


म्यूचुअल फंड का नाम सुनते ही दो तरह के लोग मिलते हैं। एक वो जिन्होंने SIP शुरू कर रखी है और हर महीने पैसे कटते देखकर खुद को Warren Buffett का दूर का रिश्तेदार समझने लगे हैं। दूसरे वो हैं जो बाजार 10% गिरते ही मोबाइल लेकर बैठ जाते हैं—“भाई, SIP बंद कर दूं क्या?”

और मजेदार बात यह है कि दोनों एक ही आदमी भी हो सकता है।

बाजार चढ़ा तो वही आदमी कहेगा “इक्विटी में लंबी अवधि का पैसा बनता है।”

लेकिन अगर बाजार गिरा तो कहेगा “मुझे तो पहले से पता था, शेयर बाजार जुआ है।”

यही म्यूचुअल फंड की असली कहानी है। समस्या हमेशा म्यूचुअल फंड में नहीं होती। कई बार समस्या उस आदमी में होती है जो 5, 000 रुपए की SIP शुरू करते समय 15 साल का सपना देखता है और पांच महीने बाद अपने पोर्टफोलियो में 500-700 रुपए कम देखकर अपना पूरा भविष्य ही बदल देता है।

लेकिन सवाल फिर भी जायज है कि म्यूचुअल फंड आखिर आया कहां से? आज कहां खड़ा है? और आने वाले समय में इसका क्या होगा?

चलिए थोड़ा पीछे चलते हैं। क्योंकि म्यूचुअल फंड का भूत भी कम दिलचस्प नहीं है।

म्यूचुअल फंड का भूत: जब निवेश का मतलब FD और सोना था

आज हम 500 रुपए या 1,000 रुपए की SIP देखकर ऐसे खुश होते हैं जैसे वित्तीय स्वतंत्रता की नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई हो और हम उसमें टिकट लेकर पसंदीदा सीट पर बैठ गए हों। लेकिन कुछ दशक पीछे जाइए तो आम भारतीय के लिए निवेश की दुनिया काफी छोटी थी।

पैसा है तो FD कर दो। थोड़ा ज्यादा है तो जमीन देख लो। शादी-ब्याह में सोना खरीद लो। और अगर कोई शेयर बाजार की बात कर दे तो घर के बुजुर्ग तुरंत ऐसा चेहरा बना लेते थे जैसे लड़का कह रहा हो कि नौकरी छोड़कर शेयरों में जुआ खेलेगा। कभी कभी तो कान के नीचे 2-4 कंटाप लग भी जाते थे।

शेयर बाजार में पैसा मत लगाना, डूब जाएगा।”

"खुद तो बर्बाद होगा, हमें भी बर्बाद कर देगा "

इस प्रकार के सलाह कई घरों में इतनी बार दी गई कि ऐसा लगता था कि बाजार नहीं, पड़ोस का कुआं है जिसमें पैसा डालते ही गायब हो जाएगा। या चोर तुम्हारे घर के बाहर से गुजर रहा था और तुमने उसे बुलाकर घर की सारी जमा पूंजी उसके हवाले कर दी हो।

म्यूचुअल फंड भी शुरू में आम आदमी के लिए कोई बहुत आकर्षक चीज नहीं था। जानकारी कम थी, विकल्प समझना मुश्किल था और बाजार का डर अलग।

फिर धीरे-धीरे तस्वीर बदली।

SIP ने खेल ही बदल दिया

म्यूचुअल फंड को आम आदमी के घर तक पहुंचाने में SIP की भूमिका बहुत बड़ी रही।

हर महीने थोड़ी रकम लगाइए और लंबे समय तक निवेश करते रहिए—बात सुनने में इतनी साधारण है कि शायद इसी वजह से लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते।

हम भारतीयों को चीजें थोड़ी जटिल पसंद हैं।

5,000 रुपए हर महीने निवेश करने के बजाय अगर कोई कह दे कि “यह खास स्कीम है, इसमें 17 तरह के इंडिकेटर और 23 तरह के चार्ट हैं”, तो अचानक भरोसा बढ़ जाता है।

SIP की खूबी यही है कि इसमें आपको हर महीने बाजार के बारे में भविष्यवाणी करने की जरूरत नहीं पड़ती।

बाजार ऊपर है तो निवेश।

बाजार नीचे है तो भी निवेश।

और बाजार बहुत नीचे है तो मन कहता है—“अब तो रुक जाओ।”

बस यहीं असली परीक्षा शुरू होती है।

👉 SIP क्या है और कैसे करें? फायदे, नुकसान

बाजार गिरते ही निवेशक की असली परीक्षा होती है

किस्सा पैसों का अखबार में SIP बंद करने को लेकर परेशान निवेशक
बाजार गिरा और निवेशक का भरोसा भी गिर गया!

 सच कहूं तो SIP शुरू करना मुश्किल नहीं है। मोबाइल में ऐप खोलिए, KYC कीजिए, फंड चुनिए और SIP शुरू।

मुश्किल है उसे तब जारी रखना जब आपके सामने पोर्टफोलियो लाल रंग में नहा रहा हो।

चढ़ते बाजार में या ये कहें कि जब पोर्टफोलियो हरा हो, आप प्रॉफिट में चल रहे हों तो सारे ज्ञान, यूट्यूब के थंबनेल बड़े अच्छे लगते हैं।

पर जब आपका 5 लाख रूपए का निवेश 4.20 लाख रूपए दिखने लगे तो Excel की सारी गणित, YouTube के सारे ज्ञान और दोस्त की सारी सलाह अचानक बेकार लगने लगती है।

तब मन कहता है—“बस बहुत हो गया, और नीचे गया तो कहीं अटैक ना आ जाए।”

यही वह समय है जब निवेशक को याद रखना चाहिए कि equity mutual fund में उतार-चढ़ाव कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि खेल का हिस्सा है।

अगर आपको यह उतार-चढ़ाव बिल्कुल पसंद नहीं है तो समस्या यह नहीं कि बाजार खराब है। हो सकता है आपने अपनी जोखिम क्षमता से ज्यादा जोखिम ले लिया हो।

म्यूचुअल फंड कोई जादुई एटीएम नहीं है

यह बात जितनी जल्दी समझ जाएं, उतना अच्छा।

म्यूचुअल फंड में पैसा डालने से कोई गारंटी नहीं मिलती कि पैसा हर साल बढ़ता ही जाएगा।

कभी अच्छा रिटर्न मिलेगा, कभी औसत, कभी खराब और कभी ऐसा समय भी आएगा जब पोर्टफोलियो देखकर लगेगा कि फंड मैनेजर ने शायद आपको व्यक्तिगत रूप से नाराज कर दिया है।

लेकिन बाजार किसी की भावनाओं से नहीं चलता।

इसीलिए “इस फंड ने पिछले साल 35% दिया है” देखकर उसमें पैसा डाल देना निवेश नहीं है। यह सिर्फ पिछले साल के नंबर से प्रभावित होना है।

अगर यही तरीका काम करता तो हर साल सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाला फंड ही अगले साल भी नंबर वन होता।

दुर्भाग्य से बाजार इतना आज्ञाकारी नहीं है।

👉 म्यूचुअल फंड में निवेश? लक्ष्य बिना इक्विटी तो पछताना तय!

वर्तमान में म्यूचुअल फंड की सबसे बड़ी ताकत क्या है?

किस्सा पैसों का साइनबोर्ड के साथ Large Cap Mid Cap Small Cap चुनता निवेशक
दुकान अनेक हैं, पैसा एक है—अब जाएं तो जाएं कहां?

आज म्यूचुअल फंड पहले की तुलना में काफी आसानी से उपलब्ध है।

मोबाइल से निवेश हो रहा है। छोटी रकम से शुरुआत हो सकती है। अलग-अलग जोखिम और लक्ष्य के हिसाब से अलग-अलग प्रकार के फंड उपलब्ध हैं।

Large Cap, Mid Cap, Small Cap, Flexi Cap, Multi Cap, Hybrid, Debt, Index Fund, ETF...

इतने विकल्प हैं कि कभी-कभी लगता है हम तो सिर्फ म्यूचुअल फंड में निवेश करने निकले थे और यहां आकर पता चला कि इसके भी कई औलादें हैं, अब दिमाग का दही होना शुरू। Large Cap लें, Mid Cap लें, Small Cap लें या कोई और...

 विकल्पों की अधिकता अपने साथ एक समस्या भी लाती है।

गलत फंड चुनना अब पहले से आसान है।

क्योंकि अब जानकारी की कमी नहीं है। समस्या यह है कि जानकारी इतनी ज्यादा है कि सही जानकारी पहचानना मुश्किल हो गया है।

👉 Large Cap, Mid Cap और Small Cap में क्या अंतर है?

Social Media ने निवेश को आसान भी किया और खतरनाक भी

आज YouTube, Instagram और दूसरे प्लेटफॉर्म पर निवेश से जुड़ी हजारों बातें मिल जाएंगी।

“यह फंड अगला Multibagger बनेगा।”

“यह शेयर 10 साल में पैसा 20 गुना करेगा।”

“यह SIP आपको करोड़पति बना देगी।”

थोड़ी देर बाद दूसरा वीडियो आएगा—

“इस फंड से तुरंत निकल जाइए।”

निवेशक बेचारा सोचता है कि आखिर करे क्या?

असल में निवेश में सबसे ज्यादा नुकसान कभी-कभी बाजार से नहीं, हर दिन बदलती राय से होता है।

कल तक जिस फंड को शानदार बताया जा रहा था, आज वही खराब बताया जा रहा है।

इसलिए निवेशक को यह तय करना होगा कि वह निवेश करने आया है या हर रोज अपनी राय और फंड बदलने।

म्यूचुअल फंड का भविष्य कैसा दिखता है?

किस्सा पैसों का साइनबोर्ड के नीचे लंबी अवधि के निवेश का रास्ता चुनता निवेशक
एक रास्ता रोज का शोर दिखाता है, दूसरा लंबे सफर का जवाब।

यहां थोड़ा सावधान रहना जरूरी है। क्योंकि भविष्य कोई नहीं जानता।

जो व्यक्ति 15 साल बाद बाजार कहां होगा यह बिल्कुल निश्चितता से बता रहा है, उसके पास शायद बाजार से ज्यादा आत्मविश्वास है या कोरा झूठ बोल रहा है।

लेकिन इतना जरूर कहा जा सकता है कि भारत में वित्तीय निवेश की आदत बढ़ रही है।

लोग सिर्फ बचत करने के बजाय निवेश के बारे में सोच रहे हैं। डिजिटल निवेश बढ़ा है। SIP जैसे माध्यम लोकप्रिय हुए हैं और नई पीढ़ी पारंपरिक बचत के साथ बाजार आधारित निवेश को भी समझने की कोशिश कर रही है।

इसलिए म्यूचुअल फंड उद्योग के लिए भविष्य में अवसर बने रहने की संभावना है।

लेकिन यहां एक लाइन मोटे अक्षरों में लिखकर रख लीजिए 

म्यूचुअल फंड उद्योग का भविष्य अच्छा हो सकता है, लेकिन हर म्यूचुअल फंड का भविष्य अच्छा होगा—यह जरूरी नहीं।

यह अंतर बहुत महत्वपूर्ण है।

आज का स्टार फंड कल का भी स्टार हो, जरूरी नहीं

किस्सा पैसों का टीशर्ट पहना पिछले साल के स्टार फंड के पीछे भागता निवेशक
पिछले साल का विजेता देखकर इस साल दौड़ना—इतना आसान नहीं है खेल।

यह निवेश की दुनिया की पुरानी कहानी है।

कोई फंड लगातार अच्छा प्रदर्शन करता है। चारों तरफ उसकी चर्चा शुरू होती है। निवेशक पैसा लगाते हैं। फिर कुछ समय बाद उसका प्रदर्शन सामान्य हो जाता है।

और निवेशक?

वह अगले स्टार फंड की तलाश में निकल जाता है।

इस चक्कर में फंड बदलते-बदलते कभी-कभी निवेशक खुद सबसे ज्यादा churn पैदा कर देता है।

फंड को बदलने से पहले यह समझना जरूरी है कि खराब प्रदर्शन अस्थायी है या वास्तव में फंड की रणनीति, प्रबंधन या निवेश के तरीके में कोई गंभीर समस्या है।

हर गिरावट बीमारी नहीं होती, कभी-कभी बाजार बस बाजार होता है।

Index Fund और ETF की कहानी भी दिलचस्प है

म्यूचुअल फंड की दुनिया में एक दूसरी दिशा भी तेजी से महत्वपूर्ण हुई है—passive investing।

Index Fund और ETF का विचार बहुत सीधा है। बाजार को हर बार पछाड़ने की कोशिश करने के बजाय किसी इंडेक्स को ट्रैक करना।

यह सुनने में इतना साधारण है कि शायद इसी वजह से कई लोगों को शक होता है।

“बस इंडेक्स को फॉलो करना है? इसमें मजा क्या है?”

भाई, निवेश में हर चीज में रोमांच ढूंढना जरूरी नहीं है।

आपका निवेश अगर चुपचाप काम कर रहा है तो उसे Netflix series बनाने की जरूरत नहीं।

👉 ETF vs म्यूचुअल फंड: आपके लिए कौन बेहतर है? आसान हिंदी गाइड

क्या म्यूचुअल फंड में पैसा सुरक्षित है?

यह सवाल अक्सर पूछा जाता है और इसका ईमानदार जवाब है—यह आपके चुने हुए फंड और निवेश की अवधि पर निर्भर करता है।

Equity mutual funds बाजार से जुड़े होते हैं और इनमें जोखिम होता है।

अगर आपको अगले छह महीने में पैसे चाहिए तो बहुत लंबी अवधि वाले equity investment को उस पैसे का घर बनाना समझदारी नहीं होगी।

Emergency fund अलग होना चाहिए।

बीमारी, नौकरी जाने, अचानक खर्च या घर की जरूरी मरम्मत के लिए रखा पैसा बाजार की लहरों पर नहीं छोड़ा जाना चाहिए।

निवेश का मतलब यह नहीं कि आपके पास रखा हर पैसा बाजार में होना चाहिए।

👉 Emergency fund कैसे बनाएं? Complete guide in Hindi

असली खतरा बाजार नहीं, हमारा व्यवहार है

मुझे लगता है म्यूचुअल फंड की सबसे बड़ी समस्या यहीं है।

हम लंबी अवधि का निवेश करना चाहते हैं, लेकिन दिमाग हर दिन का हिसाब मांगता है।

हम कहते हैं कि 15 साल के लिए निवेश करेंगे, लेकिन ऐप दिन में तीन बार खोलकर देख लेते हैं कि आज कितना बढ़ा।

यह वैसा ही है जैसे आम का पेड़ लगाकर हर सुबह मिट्टी हटाकर देखना कि आम आया या नहीं।

निवेश में समय चाहिए।

और समय का सबसे बड़ा दुश्मन बाजार की गिरावट नहीं, अधीरता है।

तो क्या 2026 में म्यूचुअल फंड में निवेश करना चाहिए?

यह सवाल सुनने में सीधा है लेकिन इसका जवाब हर व्यक्ति के लिए एक जैसा नहीं हो सकता।

अगर आपका लक्ष्य लंबी अवधि का है, आपकी risk capacity ठीक है, emergency fund मौजूद है और आप बाजार की गिरावट देखकर घबराकर भागने वाले नहीं हैं, तो mutual funds आपके portfolio का एक उपयोगी हिस्सा हो सकते हैं।

लेकिन सिर्फ इसलिए निवेश मत कीजिए क्योंकि आपके दोस्त की SIP ने पिछले साल खूब पैसा बनाया।

क्योंकि दोस्त अपनी जीत की कहानी जरूर सुनाएगा।

यह नहीं बताएगा कि उसके portfolio में कौन-सा निवेश पिछले दो साल से उसकी आत्मा को शांति नहीं लेने दे रहा था।

भूत हमें क्या सिखाता है?

म्यूचुअल फंड का अतीत बताता है कि भारतीय निवेशक धीरे-धीरे पारंपरिक बचत से बाजार आधारित निवेश की ओर आया है।

वर्तमान बताता है कि निवेश करना आसान हुआ है, लेकिन विकल्प और भ्रम दोनों बढ़े हैं।

और भविष्य?

भविष्य शायद उन निवेशकों का होगा जो बाजार की हर छोटी हलचल पर अपनी रणनीति नहीं बदलेंगे।

क्योंकि निवेश में सबसे ज्यादा कमाल अक्सर उस आदमी का नहीं होता जो सबसे ज्यादा जानता है।

कई बार जीत उस आदमी की होती है जो पर्याप्त समझता है और लंबे समय तक टिकता है।

आखिर म्यूचुअल फंड का भविष्य क्या है?

म्यूचुअल फंड का भविष्य सिर्फ बाजार तय नहीं करेगा बल्कि निवेशक का व्यवहार भी तय करेगा।

अगर हम हर तेजी में लालची और हर गिरावट में डरपोक बने रहेंगे तो कोई भी निवेश उत्पाद हमें अमीर नहीं बना सकता।

और अगर हम अपनी जरूरत, जोखिम और लक्ष्य को समझकर निवेश करेंगे, तो म्यूचुअल फंड wealth creation के रास्ते का एक उपयोगी साधन बन सकता है।

इसलिए अगली बार बाजार गिर जाए और आपका पोर्टफोलियो लाल दिखाई दे तो तुरंत SIP बंद करने से पहले एक काम कीजिए।

मोबाइल नीचे रखिए।

थोड़ा पानी पीजिए।

और खुद से पूछिए कि...

“मैंने यह पैसा अगले तीन महीने के लिए लगाया था या अगले 10–15 साल के लिए?”

अगर जवाब 10–15 साल है, तो शायद बाजार की आज की लाल पट्टी देखकर भविष्य का फैसला करना थोड़ी जल्दबाजी होगी।

आखिर म्यूचुअल फंड में असली खेल सिर्फ पैसा लगाने का नहीं है।

असली खेल है पैसा लगाने के बाद खुद को रोकना कि हर दूसरे दिन कुछ नया करने की जरूरत नहीं है।

क्योंकि बाजार में पैसा कमाना जितना जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी है कि अपनी ही घबराहट से पैसा न गंवाया जाए।

और यही शायद म्यूचुअल फंड के भूत, वर्तमान और भविष्य का सबसे सीधा किस्सा है।

मेरे विचार

किस्सा पैसों का में म्यूचुअल फंड पर लेखक के विचार और निवेशक के बीच बातचीत
म्यूचुअल फंड को भगवान भी मत बनाइए, भूत भी मत समझिए—पैसा आपका है, फैसला भी सोच-समझकर आपका होना चाहिए।

मेरे हिसाब से म्यूचुअल फंड को न तो भगवान बनाकर पूजने की जरूरत है और न ही बाजार गिरते ही भूत समझकर भागने की। यह पैसा बनाने का एक साधन है, कोई लॉटरी का टिकट नहीं।

मुझे सबसे ज्यादा परेशानी उस सोच से होती है जिसमें लोग बिना अपनी जरूरत और जोखिम समझे सिर्फ पिछले रिटर्न देखकर फंड चुन लेते हैं। फिर बाजार गिरता है तो फंड खराब, फंड मैनेजर खराब और आखिर में पूरा म्यूचुअल फंड उद्योग ही खराब घोषित कर दिया जाता है।

मेरी नजर में म्यूचुअल फंड में सबसे बड़ा खेल सही फंड चुनने से ज्यादा सही व्यवहार का है। अगर 10–15 साल का लक्ष्य लेकर निकले हैं तो हर दिन पोर्टफोलियो देखने की जरूरत नहीं। और अगर 10% की गिरावट देखकर नींद उड़ जाती है तो पहले यह देखना चाहिए कि कहीं हमने अपनी सहनशक्ति से ज्यादा जोखिम तो नहीं उठा लिया।

बाकी बाजार में भविष्य बताने वालों की कमी नहीं है। कोई 20% रिटर्न का सपना दिखाएगा, कोई अगले मल्टीबैगर की खबर देगा और कोई बाजार गिरते ही प्रलय की घोषणा कर देगा। मेरा मानना है—इन सबको सुनिए, समझिए, लेकिन अपना पैसा लगाने से पहले अपना दिमाग जरूर लगाइए।

अगले पोस्ट की झलक

अगले पोस्ट में समझेंगे की NAV क्या होता है और कैसे मिलता है?

म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने के बाद एक शब्द बार-बार सामने आता है—NAV।

लेकिन NAV आखिर है क्या? किसी म्यूचुअल फंड की एक यूनिट की कीमत कैसे तय होती है? अगर आज NAV 100 रुपए है और कल 102 रुपए हो गया तो यह 2 रुपए बढ़ा कैसे? क्या कम NAV वाला फंड सस्ता और ज्यादा NAV वाला महंगा होता है? और सबसे जरूरी सवाल—म्यूचुअल फंड खरीदते समय हमें किस NAV पर यूनिट मिलती हैं?

अगले लेख में NAV की पूरी कहानी समझेंगे—बिना ऐसी भारी-भरकम भाषा के जिसे पढ़कर ऐसा ना लगे कि म्यूचुअल फंड नहीं, कोई सरकारी फाइल पढ़ रहे हैं।

संबंधित लेख...

👉 Direct शेयर बनाम Mutual Fund: सही विकल्प कैसे चुनें?

👉 Mutual Fund और शेयर पर Tax व Charges: कितना पैसा बचेगा?

👉 गिरते शेयर बाजार में SIP जारी रखें या रोक दें?

⁠👉 Flexicap Fund vs Multicap Fund: कौन बेहतर है?

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय लेख

पैसे को मैनेज करना कैसे सीखें?

40+ के बाद निवेश और बचत कैसे शुरू करें? SIP, FD, Emergency Fund

इक्विटी म्यूचुअल फंड: 7 बातें सीख लो, नहीं तो पैसा कहेगा 'टाटा बाय बाय'

पैसे का खेल: बचाओ, बढ़ाओ और हंसते-हंसते सीखो! 💸😎

Asset Allocation क्या है: अमीर लोग पैसे को कैसे बाँटते हैं?