5 Funds होने पर भी Portfolio Diversified क्यों नही?
कभी-कभी निवेशक अपने Mutual Fund Portfolio को देखकर ऐसे खुश होते हैं, जैसे घर में पाँच बच्चे हों और सबकी शक्ल अलग-अलग हो। “मेरे पास पाँच Mutual Funds हैं भाई… पूरा diversification है!” यह आत्मविश्वास देखकर लगता है कि अब बाजार चाहे जितनी करवटें बदले, Portfolio साहब आराम से सोए रहेंगे। लेकिन Mutual Fund की दुनिया में असली कहानी Fund की संख्या से नहीं, उसके अंदर बैठे किरायेदारों से पता चलती है। बाहर से पाँच मकान अलग-अलग दिख सकते हैं, लेकिन अगर पाँचों में रहने वाले वही दस लोग हैं, तो इसे मोहल्ले का विस्तार कहेंगे या फिर बस लोगों का पता बदलना ?
![]() |
| Funds पाँच… Diversification कहाँ? |
पाँच Funds देखकर इतना खुश क्यों हो जाते हैं हम?
मान लीजिए आप किसी शादी में गए। वहाँ पाँच अलग-अलग काउंटर लगे हैं—“North Indian”, “South Indian”, “Chinese”, “Continental” और “Live Counter”। आप सोचते हैं कि आज तो खाने में मजा ही आ जाएगा, दबा के खाऊँगा। पहले काउंटर पर गए तो पनीर, दूसरे पर गए तो पनीर डोसा, तीसरे पर गए तो chilli paneer, चौथे पर paneer steak और पाँचवें पर paneer tikka live बन रहा है। अब काउंटर पाँच हैं, लेकिन आपकी किस्मत में पनीर ही पनीर है। दिमाग का दही... पेट भी बोलने पर मजबूर हो गया की “भाई, diversification की जरूरत मुझे है, काउंटर को नहीं!”
Mutual Funds में भी कुछ ऐसा ही हो सकता है। आपने पाँच Funds खरीदे हैं, लेकिन उन पाँचों के अंदर कई कंपनियां बार-बार मौजूद हैं। एक Fund किसी कंपनी को Portfolio की बड़ी हिस्सेदारी देता है, दूसरा भी उसी कंपनी को पसंद करता है, तीसरे को भी उससे मोहब्बत हो जाती है और चौथा तो जैसे उसी कंपनी का रिश्तेदार निकल आता है। अब Investor बड़ी शान से कहता है, “मेरे पास चार अलग-अलग Funds हैं।” असल में उसके पैसे का एक हिस्सा चार रास्तों से घूमकर उसी जगह पहुँच रहा होता है।
👉 Asset allocation क्या है: पैसे को कैसे बांटना चाहिए?
Overlap होता क्या है?
यही जगह है जहाँ Portfolio Overlap का खेल शुरू होता है। Overlap का सीधा-सादा मतलब है कि आपके अलग-अलग Funds में समान कंपनियां मौजूद हैं। यह अपने आप में कोई अपराध नहीं है। आखिर अच्छी कंपनी है तो कई Fund Managers को अच्छी लग सकती है। ऐसा नहीं है कि एक Fund Manager ने किसी कंपनी को खरीद लिया तो दूसरे Manager को फोन आएगा की “भाई साहब, आपने ले लिया है, अब आप ही रखिए, हम कोई दूसरी कंपनी खोजते हैं।” ऐसा होता तो Fund Management शायद सबसे आसान नौकरी होती।
असल परेशानी तब शुरू होती है जब आपको लगता है कि आपने पाँच अलग-अलग दिशाओं में पैसा लगाया है, जबकि आपके Portfolio की गाड़ी बार-बार उसी चौराहे पर घूम रही है। उदाहरण के लिए आपने एक Large Cap Fund, एक Flexi Cap Fund, एक Multi Cap Fund, एक Large & Mid Cap Fund और एक Index Fund रख लिया। नाम सुनकर Portfolio बड़ा पढ़ा-लिखा लगता है। लेकिन अगर इन सभी में आपकी सबसे बड़ी हिस्सेदारी वाली कंपनियां लगभग वही हैं, तो आपने पाँच अलग-अलग विचार नहीं खरीदे; आपने एक ही विचार को पाँच टिकट दे दिए।
👉 Large Cap, Mid Cap और Small Cap में क्या अंतर है?
Fund पाँच हैं, लेकिन अंदर कहानी कितनी अलग है?
![]() |
| अलग Fund… वही खिलाड़ी! |
और मजेदार बात यह है कि Fund का नाम आपको यह सब बताने नहीं आता। “Flexi Cap” सुनकर लगता है कि यह तो हर दिशा में घूम सकता है। “Multi Cap” सुनकर लगता है कि इसमें Large, Mid और Small तीनों का महाकुंभ लगा होगा। “Large & Mid Cap” देखकर लगता है कि अब बड़े और मंझले दोनों भाई बराबर बैठेंगे। लेकिन असली कहानी Fund के नाम में नहीं, उसके actual portfolio में लिखी होती है। निवेश में नाम देखकर प्रभावित होना वैसा ही है जैसे किसी होटल के बाहर “Royal Grand Family Restaurant” लिखा देखकर अंदर जाना और वहाँ वही समोसा 40 रुपए में मिलना, जो बाहर ठेले पर 15 रुपए में मिल रहा था।
Fund Manager अलग होने से Portfolio अलग नहीं हो जाता
यहीं एक और भ्रम पैदा होता है—“मेरे Funds के Fund Managers अलग हैं, इसलिए diversification भी अलग होगा।” यह धारणा भी थोड़ी भोली है। Fund Manager अलग होना अच्छी बात हो सकती है, लेकिन अगर दोनों Managers को एक ही कंपनी पसंद है, तो आपकी जेब को इससे कोई सांत्वना नहीं मिलने वाली। क्रिकेट में कप्तान अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन अगर दोनों टीमों में वही बल्लेबाज खेल रहे हैं तो सिर्फ कप्तान बदलने से आपकी टीम में नया खिलाड़ी नहीं आ जाता। Mutual Fund में भी यही मामला है।
कंपनियां अलग हों, फिर भी Sector वही हो सकता है
![]() |
| छाते पाँच… बारिश एक! |
और केवल कंपनियों का overlap ही नहीं होता, sector overlap भी होता है। मान लीजिए आपके पाँच Funds में अलग-अलग कंपनियां हैं, लेकिन सभी ने Banking & Financial Services में मोटा पैसा लगा रखा है। आपको लग सकता है कि Portfolio में तो बहुत सारी कंपनियां हैं। बिल्कुल हैं। लेकिन अगर Banking sector में कोई बड़ी उथल-पुथल आती है, तो आपकी पाँचों नावें उसी नदी में चल रही हैं। नावें अलग हैं, नाविक अलग हैं, टिकट अलग हैं… लेकिन नदी वही है। ऐसे में diversification का दावा थोड़ा कमजोर पड़ जाता है।
Fund का नाम देखकर नहीं, अंदर देखकर फैसला कीजिए
यही वजह है कि Portfolio Diversification को केवल “मेरे पास कितने Funds हैं?” से नहीं मापा जा सकता। असली सवाल होना चाहिए कि “मेरे कुल पैसे का exposure वास्तव में कहाँ-कहाँ है?” यही सवाल थोड़ा असुविधाजनक है, इसलिए ज्यादातर लोग इसे पूछना पसंद नहीं करते। Fund की संख्या गिनना आसान है; उसके अंदर की holdings देखना थोड़ा होमवर्क मांगता है। और Investor को होमवर्क से उतनी ही मोहब्बत होती है जितनी बच्चे को रविवार को Maths की कॉपी से। 🤣
Overlap होना हमेशा बुरी बात नहीं है
अब इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि अगर दो Funds में एक ही कंपनी मिल गई तो तुरंत बेचकर भाग जाइए। Overlap होना सामान्य बात है। आखिर दुनिया में हजारों listed कंपनियां होने के बावजूद हर Fund Manager किसी नई अज्ञात कंपनी को सिर्फ इसलिए नहीं खरीदेगा कि दूसरे ने उसे नहीं खरीदा। कई अच्छी कंपनियां कई Funds में होंगी ही। सवाल यह है कि कितना overlap है और उसका आपके कुल Portfolio पर कितना असर पड़ रहा है।
मान लीजिए किसी कंपनी में आपके दो Funds के जरिए थोड़ा-थोड़ा exposure है। कोई बड़ी बात नहीं। लेकिन अगर वही कंपनी आपके चार-पाँच Funds में बार-बार दिखाई दे रही है और कुल Portfolio में उसका वजन काफी बड़ा हो गया है, तो आपको रुककर सोचना चाहिए। क्योंकि तब आपको लग सकता है कि “मेरे पास पाँच Funds हैं”, जबकि बाजार की नजर से देखा जाए तो आपका पैसा उस एक कंपनी पर आपकी कल्पना से कहीं ज्यादा निर्भर हो सकता है।
ज्यादा Funds जोड़ना हमेशा Diversification नहीं होता
![]() |
| पैकेट अलग… सामान वही! |
इसी तरह Market Cap को भी नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। आपने अलग-अलग नामों वाले कई Funds रखे हैं, लेकिन अगर उनके भीतर आपका ज्यादातर पैसा Large Cap कंपनियों में ही जा रहा है, तो Portfolio उतना विविध नहीं है जितना Fund की सूची देखकर लगता है। दूसरी तरफ कोई Fund Mid Cap और Small Cap exposure दे रहा है तो वह आपके Portfolio में अलग भूमिका निभा सकता है। इसलिए Fund का category label केवल दरवाजे पर लगी nameplate है; अंदर कितने कमरे हैं और उनमें कौन बैठा है, यह देखने के लिए दरवाजा खोलना पड़ेगा।
सबसे दिलचस्प स्थिति तब आती है जब Investor अपने Portfolio में एक ही तरह के Funds जोड़ता चला जाता है। पहले एक Flexi Cap लिया। फिर लगा दूसरा Flexi Cap भी अच्छा है। फिर किसी दोस्त ने Multi Cap बताया। फिर किसी YouTube वीडियो में Large & Mid Cap बहुत शानदार बताया गया। फिर किसी ने कहा Index Fund सबसे सीधा रास्ता है। देखते-देखते Portfolio में Funds की संख्या बढ़ती गई और Investor को लगा कि उसने diversification कर लिया। जबकि हो सकता है कि उसने केवल एक ही तरह के exposure को अलग-अलग पैकेट में खरीद लिया हो।
यह कुछ वैसा है जैसे आप पाँच अलग-अलग ब्रांड की Mineral Water bottles खरीदकर गर्व से कहें कि “देखो, मैंने पानी को भी diversify कर दिया।” पानी फिर भी पानी ही है। 😂
👉 Flexicap Fund vs Multicap Fund: कौन बेहतर है?
नया Fund खरीदने से पहले एक सवाल जरूर पूछिए
इसलिए Portfolio में Funds जोड़ते समय यह सवाल नहीं होना चाहिए कि “कौन सा नया Fund अच्छा है?” बल्कि कई बार सवाल यह होना चाहिए—“क्या मुझे इस Fund की जरूरत भी है?” अगर नया Fund आपके Portfolio में कोई meaningful नया exposure, strategy या asset class नहीं जोड़ रहा, तो सिर्फ उसका अच्छा past return देखकर उसे खरीद लेना Portfolio को बेहतर बनाने के बजाय और उलझा सकता है।
और यहीं Mutual Fund निवेश की एक बड़ी विडंबना सामने आती है। हम diversification के नाम पर इतना कुछ खरीद लेते हैं कि अंत में हमें खुद नहीं पता रहता कि हमारे पैसे की असली कहानी क्या है। एक Fund क्यों लिया था? दूसरे का काम क्या है? तीसरा किस चीज को balance कर रहा है? चौथे में वही कंपनियां क्यों हैं जो पहले से तीन Funds में हैं? और पाँचवें को तो शायद इसलिए खरीदा था क्योंकि पिछले साल उसका return देखकर दिल ने कहा था कि “कुछ तो बात होगी!”
Portfolio की असली Diversification कहाँ दिखाई देती है?
निवेश में यह जरूरी नहीं कि जितने ज्यादा Funds, उतना बेहतर Portfolio। कई बार कम Funds लेकिन साफ उद्देश्य वाला Portfolio ज्यादा समझने योग्य और manage करने में आसान हो सकता है। असली diversification का उद्देश्य Funds का संग्रहालय बनाना नहीं है। उद्देश्य यह है कि आपका पैसा अलग-अलग sources of risk और return में उचित तरीके से फैला रहे।
👉 Multicap Fund vs Multi Asset Fund: कौन बेहतर है?
निष्कर्ष:
![]() |
| टिकट पाँच… सफर वही! Diversification गिनती से नहीं, Exposure से होता है। |
ध्यान रखें कि अगली बार जब आपका Portfolio पाँच, सात या दस Mutual Funds का हो जाए और आपको लगे कि “अब तो diversification की कोई सीमा ही नहीं रही”, तो जरा Portfolio की holdings खोलकर देखिए। हो सकता है बाहर से पूरा परिवार बड़ा दिखाई दे, लेकिन अंदर बैठक में वही चार चाचा पिछले तीन साल से एक ही कुर्सी पर बैठे हों।
Fund पाँच हैं या दस, यह कहानी का पहला पन्ना है। असली कहानी यह है कि उन Funds के अंदर आपका पैसा कितनी बार एक ही कंपनी, एक ही sector या एक ही तरह के exposure में पहुँच रहा है।
क्योंकि निवेश की दुनिया में कभी-कभी हम समझते हैं कि हमने पाँच रास्ते चुन लिए हैं। बाद में पता चलता है कि रास्ते तो पाँच थे… मंजिल एक ही थी। 😄
और Portfolio Diversification का असली मतलब यही समझना है कि आपने रास्ते बदले हैं या सिर्फ टिकट के रंग।
अगले पोस्ट कि झलक
Mutual Fund Portfolio की सफाई कब और कैसे करें?
Funds खरीदना आसान है, लेकिन Portfolio की सफाई कौन करेगा?
पुराने Funds कब हटाने चाहिए? कितने Funds बहुत ज्यादा हो जाते हैं? और कब Portfolio को “कुछ नया खरीदने” के बजाय “कुछ हटाने” की जरूरत होती है?
अगले पोस्ट में करेंगे Mutual Fund Portfolio की सफाई और समीक्षा। 🧹





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
अपनी राय नीचे कमेंट में लिखें ।